समय बहुत अनमोल है (अकबर बीरबल की कहानी) – Samay Bahut Anmol | Akbar-Birbal Story In Hindi
एक बार बादशाह अकबर अपने दरबार में आराम से बैठे थे तभी बादशाह अकबर ने बीरबल की परीक्षा लेने की सोची।
बादशाह अकबर ने बीरबल से कहा, “तुम जाओ और चार ऐसे लोगों को ढूंढो जो इस राज्य के सबसे बड़े मूर्ख हैं।”
बीरबल ने कहा “जी! हुजूर।”
इसके बाद बीरबल बादशाह अकबर के दरबार से निकल जाता है और एक महीने के बाद बीरबल दरबार में दो लोगों के साथ बादशाह अकबर के दरबार में वापस आते है।
बादशाह अकबर गुस्से से बीरबल की तरफ देखते हैं।
राजा ने कहा, “मैंने तुम्हें चार मूर्ख व्यक्तियों की खोज में भेजा था, लेकिन तुम केवल दो व्यक्तियों के साथ आए।”
बीरबल ने कहा “हुजूर ! आप सब्र कीजिए। मैं चारों मूर्खों को लेकर आया हूं।”
बीरबल ने कहा, “यह व्यक्ति पहला सबसे बड़ा मूर्ख है, क्योंकि जब मैंने उसे बैलगाड़ी पर जाते देखा था उस वक्त यह शख्स अपना सामान अपने सिर पर उठाए चल रहा था। इस व्यक्ति से पूछने पर उसने कहा कि “मैं बैलगाड़ी पर बहुत अधिक भार नहीं डालना चाहता, इसलिए मैं अपना सामान सिर पर ढो रहा हूं।”
बीरबल ने कहा, “यह उत्तर सिद्ध करता है कि यह सबसे बड़ा मूर्ख है।”
फिर बीरबल ने दूसरे व्यक्ति की ओर इशारा करते हुए कहा।
“यह दूसरा व्यक्ति अपने घर की छत पर भैंस चढ़ाकर उसे घास चरा रहा था। जब इस व्यक्ति से पूछा गया कि तुम ऐसा क्यों कर रहे हो?” तो उस व्यक्ति ने कहा, “मेरी छत पर घास उगती है। जिसे मैं अपनी भैंस को छत पर ले जाकर खिलाता हूं।”
बीरबल ने कहा, “यह आदमी अपनी छत पर उगी घास को काटकर नीचे लाकर भैंस को खिला सकता था। लेकिन वह अपनी भैंस को ही छत पर ले जाता है। इससे बड़ा मूर्ख कौन हो सकता है।”
बीरबल ने कहा “हुजूर ! हमारे राज्य में कई महत्वपूर्ण कार्य हैं और मुझे भी कई महत्वपूर्ण कार्य करने हैं लेकिन फिर भी मैंने मूर्खों की तलाश में एक महीना बर्बाद कर दिया तो मुझसे बड़ा मूर्ख कौन होगा?”
यह सुनकर बादशाह अकबर ने कहा, “तो वह तीसरा मूर्ख तुम हो! तो चौथा मूर्ख कौन है?”
बीरबल मुस्कुराए और बोले, “जहांपनाह! पूरे राज्य की जिम्मेदारी आप पर है और राज्य का काम दिमाग वाले को दिया जाता है, फिर भी आपने मुझे मूर्ख की तलाश में भेजा तो वह चौथा मूर्ख आप हो गए।”
इस कहानी से हमें क्या सीख मिलती हैं?
इस कहानी से हमें सीख मिलती है कि हमें अपना समय फालतू में बर्बाद नहीं करना चाहिए। समय बहुत कीमती है।
😂 अकबर और बीरबल की सभी मज़ेदार कहानियाँ पढ़ें 🤣
—————————————//